चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डेबरासाही गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय दशमाती हेंब्रम और 35 वर्षीय सुकुरमनी हेंब्रम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दोनों महिलाएं अपने घर के बरामदे में बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों महिलाओं को इलाज के लिए चंपुआ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, वज्रपात का प्रभाव इतना गंभीर था कि दोनों महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।

