मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने 61 वर्ष की उम्र में अपनी लंबे समय की पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर ली है। दोनों ने रविवार को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में बेहद निजी समारोह में विवाह किया। शादी की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है, जिसमें आमिर और गौरी रजिस्टर्ड मैरिज की औपचारिकताएं पूरी करते नजर आ रहे हैं।

वायरल तस्वीर में आमिर खान और गौरी स्प्रैट जमीन पर बैठकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ गौरी का बेटा, आमिर के बेटे आजाद, उनकी मां जीनत और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। यह शादी बेहद सादगी और पारिवारिक माहौल में संपन्न हुई।

शादी समारोह में आमिर की बेटी आयरा खान भी अपने पति नूपुर शिखरे के साथ पहुंचीं। आयरा, आमिर खान और उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता की बेटी हैं। वहीं, अभिनेता के करीबी दोस्त और पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान भी शादी में शामिल होने पहुंचे। बारिश के बीच उनके कार्यक्रम स्थल पहुंचने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी में केवल 100 से 150 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें परिवार के सदस्य, करीबी मित्र और फिल्म जगत की चुनिंदा हस्तियां शामिल रहीं। मेहमानों के लिए आमिर और गौरी की पसंदीदा डिशों वाला खास मेन्यू भी तैयार किया गया था।

गौरतलब है कि आमिर खान ने पिछले वर्ष अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। अब दोनों ने अपने रिश्ते को शादी के बंधन में बदल दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version