अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, एंबुलेंस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गटराड रोड स्थित महमूदपुरा इलाके में हुई, जहां टैलेंट पटाखा फैक्टरी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और फैक्टरी के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान आठ लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को एलजी अस्पताल और चार लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का इलाज भी जारी है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों की निगरानी की। अहमदाबाद के मेयर और नगर आयुक्त ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि फैक्टरी का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रामोल-गटराड रोड पर आरएएफ कैंप के पीछे खुले मैदान में शेड बनाकर यह पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी। जांच में पता चला है कि फैक्टरी का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद यहां अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण जारी था।

रामोल पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्टरी संचालन में किन लोगों की भूमिका थी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कैसे हुई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version