वाराणसी। धार्मिक नगरी वाराणसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली एक फर्जी निवेश योजना पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। रविवार को नागरी नाटक मंडली में ‘मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना और उनकी टीम ने अचानक छापेमारी कर रुकवा दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सैकड़ों लोग बड़ी धोखाधड़ी का शिकार होने से बच गए, हालांकि पुलिस की भनक लगते ही कंपनी के मुख्य पदाधिकारी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में पंजीकृत इस कंपनी ने नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए लोगों को जाल में फंसाया। निवेशकों को महज 10 से 20 महीने में पैसा दोगुना करने, शुद्ध सोना देने, कैशबैक और विदेश यात्रा जैसे लुभावने ऑफर दिए गए थे। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ लोगों को रिटर्न दिया गया, लेकिन बाद में करोड़ों रुपये डकार कर भुगतान बंद कर दिया गया। एक पीड़ित भगवान सिंह राठौर के मुताबिक, उनकी टीम का ही करीब 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास फंसा हुआ है। इसके अलावा कंपनी पर जीएसटी बिल न देने और टीडीएस चोरी करने के भी गंभीर आरोप हैं।
एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। इसके आधार पर जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वाराणसी पुलिस ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी कर अपील की है कि कम समय में भारी मुनाफे का लालच देने वाली किसी भी संदिग्ध योजना में निवेश करने से बचें और सतर्क रहें।

