पलामू। पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के सेलारी गांव के सुखरो टोला में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। 11 हजार हाइटेंशन तार में सटकर एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के परसावा निवासी सत्येन्द्र महतो (35) पिता रामलगन महतो के रूप में हुई है। सत्येन्द्र पिछले सात-आठ साल से विद्युत विभाग में अनुबंध पर कार्यरत थे और उनके तीन बच्चे हैं।
घटना का विवरण: सुखरो टोला में पिछले एक सप्ताह से बिजली नहीं जल रही थी। इसकी शिकायत मिलने पर सत्येन्द्र महतो को तीन ट्रांसफार्मर की बिजली फाल्ट ठीक करने के लिए भेजा गया था। उनके साथ दो-तीन अन्य कर्मी भी मौजूद थे। शटडाउन लेने के बाद सत्येन्द्र बिजली पोल पर चढ़े और फाल्ट ठीक करने में जुट गए। तभी अचानक उन्हें 11 हजार वोल्ट का जोरदार करंट लगा और वे पोल पर ही सटकर रह गए। आरोप है कि हादसे के बाद साथ आए कर्मी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद विभाग को घटना की जानकारी मिली।
परिजनों का विरोध: रात करीब नौ बजे जब विद्युत विभाग के कर्मी सत्येन्द्र का शव उतारने पोल पर चढ़ने लगे, तो परिजनों ने उन्हें रोक दिया। परिजन सहायक अभियंता या उनसे बड़े अधिकारी के मौके पर आने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा और नौकरी की मांग की। करीब चार घंटे तक चले विरोध के बाद विभाग के जूनियर इंजीनियर, तरहसी के अंचल अधिकारी हरिश्चन्द्र मुंडा और आजाद समाज पार्टी के नेता मुमताज खां मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। रात 11 बजे सहमति बनने पर शव नीचे उतारा गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और तरहसी थाना पुलिस भी मौजूद रही।
विभाग की कार्रवाई: मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर ने विभागीय प्रावधान के तहत पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। इसके अलावा 10 हजार रुपये दाह संस्कार के लिए तत्काल दिए गए और अन्य सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया। सहायक अभियंता विकास कुमार ने रविवार सुबह जानकारी दी कि शटडाउन लेने के बाद भी बिजली मिस्त्री को करंट कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नौकरी देने के मामले में जेई से बात कर निर्णय लिया जाएगा। रविवार को शव का पोस्टमार्टम मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जाएगा।

