-स्पीड पोस्ट से भेजी गई बंगला भाषा में चिट्ठी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
दुमका। झारखंड के दुमका और गोड्डा कोर्ट परिसर पर हमले की धमकी मिलने के बाद न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, दुमका के जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट के जरिए एक धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई है। बंगला भाषा में लिखी गई इस चिट्ठी में दुमका कोर्ट पर हमला करने की बात कही गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पत्र के साथ दो संदिग्ध नामों का जिक्र है और एक आधार कार्ड की फोटोकॉपी भी संलग्न की गई है।
-डॉग स्क्वॉयड ने खंगाला कोर्ट परिसर, सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरे परिसर का कोना-कोना खंगाला और सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, गहन निरीक्षण के बाद परिसर से अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
-आधार कार्ड का हुआ दुरुपयोग, जांच में निर्दोष निकला व्यक्ति
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवाड़ ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि चिट्ठी के साथ भेजे गए आधार कार्ड और उसमें दर्ज नाम वाले व्यक्ति का सत्यापन किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि जिस व्यक्ति के दस्तावेज का इस्तेमाल किया गया है, उसका इस धमकी कांड से कोई लेना-देना नहीं है। संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बयान दिया है कि किसी अज्ञात शरारती तत्व ने उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर यह साजिश रची है।
-पश्चिम बंगाल से जुड़ा तार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की तकनीकी जांच में यह बात सामने आई है कि यह धमकी भरा स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के ‘भातार’ थाना क्षेत्र से बुक कर भेजा गया था। दुमका पुलिस अब हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। बर्दवान पुलिस के सहयोग से पत्र भेजने वाले असली आरोपी की पहचान करने और उसे दबोचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


