काठमांडू: नेपाल और भारत के बीच संचालित एकमात्र रेल सेवा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। धनुषा जिले में स्थानीय प्रशासन द्वारा कर्फ्यू लगाए जाने के बाद नेपाल रेलवे कंपनी लिमिटेड ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
नेपाल रेलवे की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि जयनगर–जनकपुर–भंगहा रेलखंड पर रेल परिचालन कर्फ्यू प्रभावी रहने तक बंद रहेगा। कंपनी के कार्यवाहक प्रशासन प्रमुख अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन कार्यालय धनुषा की ओर से गुरुवार को जारी पत्र और कर्फ्यू आदेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत के बिहार स्थित जयनगर और नेपाल के जनकपुर के बीच चलने वाली सभी रेल सेवाओं को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात सामान्य होने के बाद ही रेल सेवा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

