पलामू। पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल बाजार में आहार के पास हार्डवेयर सह सेनेटरी दुकान में बुधवार रात आग लग गई। आग से लाखों रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गए। दुकान मालिक क्षति का आकलन करने में जुटा हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पोलपोल बाजार में आहार के पास नागेंद्र विश्वकर्मा की विश्वकर्मा हार्डवेयर सह सेनेटरी दुकान संचालित है। बुधवार देर शाम मौसम खराब रहने के कारण समय से पहले दुकान बंद कर नागेंद्र घर चले गए थे। अचानक रात में सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दुकान के संचालक मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दुकान के अंदर हार्डवेयर और सेनेटरी आइटम होने के कारण आग को फैलने में काफी बल मिला। देखते देखते पूरी दुकान जलकर नष्ट हो गई।

बाद में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। नगेंद्र ने गुरुवार सुबह बताया कि आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। दुकान के अंदर हार्डवेयर, सैनिटरी के अलावा सीमेंट भी रखा हुआ था। ऊपर लेंटर मकान में दुकान संचालित था, जबकि अंडरग्राउंड में सीमेंट सहित अन्य सामान रखे हुए थे। एक अनुमान के अनुसार 50 से 60 लाख का नुकसान हुआ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version