रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। रामगढ़, रांची और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में संचालित इस अवैध फैक्ट्री से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, हथियार बनाने की मशीन, ड्रिल मशीन, गैस कटर, रेल पटरी के लोहे के हिस्से सहित कई अन्य उपकरण जब्त किए। बरामद सामान से यह स्पष्ट हुआ कि यहां लंबे समय से अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी और बड़े भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि तीनों मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज के निवासी हैं और दत्तो गांव में लोहार का काम करने की आड़ में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चला रहे थे।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि यहां तैयार किए गए हथियार कोयलांचल और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों तथा रंगदारी गिरोहों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version