पटना। बिहार में आधुनिक शहरी विकास को गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर आवास, उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप लगभग तीन लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण अथवा मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया पूरी होगी, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार इन परियोजनाओं के लिए हुडको के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित कर रही है। इसके अतिरिक्त लगभग छह लाख करोड़ रुपये का निवेश निजी एवं अन्य बाहरी स्रोतों से आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। बड़े पैमाने पर निजी और संस्थागत निवेश आने से निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज प्रणाली, विद्युत आपूर्ति, हरित क्षेत्र, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान, वाणिज्यिक केंद्र तथा अन्य सामाजिक अधोसंरचनाएं विकसित की जाएंगी, ताकि नागरिकों को विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हुडको के साथ हुआ यह समझौता राज्य के शहरी विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य में शहरीकरण की दर को 35 प्रतिशत तक पहुंचाना है। इन नई सैटेलाइट टाउनशिप के विकास से न केवल शहरी आबादी के लिए बेहतर आवासीय विकल्प उपलब्ध होंगे, बल्कि औद्योगिक, व्यावसायिक और सेवा क्षेत्रों के विस्तार को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित नगर विकास विभाग, हुडको और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version