रांची। रांची के सदर अस्पताल में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के नर्सों, एएनएम और अन्य कर्मचारियों ने मंगलवार को पांच महीने से लंबित वेतन के विरोध में सिविल सर्जन (CS) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहा है, लेकिन वेतन भुगतान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।

प्रदर्शन के दौरान एक एएनएम ने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल आने-जाने के लिए किराया जुटाना भी मुश्किल हो रहा है, जबकि परिवार का खर्च चलाना भी चुनौती बन गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार मरीजों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन उनकी मेहनत का उचित भुगतान समय पर नहीं मिल रहा।

एनएचएम कर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द लंबित वेतन जारी नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि अब बार-बार आश्वासन सुनने के बजाय समाधान चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्यालय में ताला लगाकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि यह पता लगाया जाएगा कि वेतन किस स्तर पर लंबित है और जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट गए हैं, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन की अगली रणनीति तैयार करेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version