सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग (ऑनलाइन जुआ) के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर शिवनारायणपुर में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में ऑनलाइन बेटिंग के संचालन में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की तकनीकी जांच में जुट गई है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने शिवनारायणपुर स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय निवासी सुमित कुमार, खगड़िया निवासी गुलशन कुमार तथा वर्तमान में बागबेड़ा (जमशेदपुर) में रहने वाले मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनोज कुमार का स्थायी पता भोजपुर (आरा) है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 सिम कार्ड (बीएसएनएल, जियो और एयरटेल), एसबीआई, कोटक महिंद्रा बैंक और दक्षिण ग्रामीण बैंक के तीन डेबिट कार्ड, ओप्पो, वीवो, आईफोन और पोको कंपनी के कुल 15 स्मार्टफोन, डेल और एचपी के दो लैपटॉप, एयरटेल एयर फाइबर की दो आउटडोर यूनिट, दो ड्यूल बैंड वाई-फाई डिवाइस, चार हिसाब-किताब की कॉपियां, एक डायरी तथा छह यूपीआई क्यूआर कोड की फोटोकॉपी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग की रकम का लेन-देन करते थे। पुलिस जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेजों की तकनीकी जांच कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई है और जांच के दौरान इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है। मामले में आदित्यपुर थाना में जुआ अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ और बेटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



