धनबाद। जिले के निरसा स्थित बेनागड़िया पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 10 के छात्र के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया है। पीड़ित छात्र सुमित कुमार दास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात छात्रावास में सुमित कुमार दास अपने कमरे में था। उसी कमरे में रहने वाले उसके छह सहपाठियों के साथ मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद देर रात करीब दो बजे सहपाठियों ने सुमित के हाथ रस्सी से बांध दिए और उसके साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपित छात्रों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। वायरल वीडियो में कुछ छात्र सुमित के साथ दुर्व्यवहार करते, उसे धमकाते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि छात्रों ने उसे घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं देने के लिए भी डराया।
घटना के बाद सुमित ने करीब दो दिनों तक इस मामले की जानकारी किसी को नहीं दी। वह विद्यालय की नर्स से दवा लेकर इलाज कराता रहा। पीड़ित छात्र गोविंदपुर का रहने वाला है। बाद में जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उसने अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना बताई।
परिजन विद्यालय पहुंचे, जिसके बाद प्रबंधन को मामले की जानकारी मिली। विद्यालय की ओर से छात्र को पहले पांडरा उप-स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे धनबाद के एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
विद्यालय के प्रबंधक सीके यादव ने बताया कि स्कूल में छात्रों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है, लेकिन कई बार अभिभावक बच्चों को चोरी-छिपे मोबाइल उपलब्ध करा देते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है और जांच के आधार पर संबंधित छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय और छात्रावास में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाती है, हालांकि छात्रों की निजता को देखते हुए कक्षाओं में कैमरे नहीं लगाए गए हैं।



