रामगढ़: रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी गई एक चिट्ठी में दी गई, जिसे सीधे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम भेजा गया था। बताया जा रहा है कि चिट्ठी बांग्ला भाषा में लिखी गई थी।
धमकी की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस हरकत में आ गई। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए व्यवहार न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली गई।
रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और पुलिस टीम ने न्यायालय परिसर के हर हिस्से की जांच की। इस दौरान डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
फिलहाल न्यायालय परिसर को सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। हालांकि, विस्तृत तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस धमकी भरी चिट्ठी के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।



