काठमांडू: नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई हिंसा के बाद मधेश प्रदेश के कई जिलों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन कार्यालय सप्तरी ने राजविराज क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। इससे पहले गुरुवार रात 10 बजे से बोदेबरसाइन क्षेत्र में भी कर्फ्यू लगाया गया था।

जिला सुरक्षा समिति के निर्णय के बाद शुक्रवार सुबह 8 बजे से राजविराज में अगले आदेश तक कर्फ्यू प्रभावी कर दिया गया। मुख्य जिला अधिकारी श्यामकृष्ण थापा ने बताया कि कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

इस बीच बोदेबरसाइन नगरपालिका क्षेत्र में गुरुवार रात से ही अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और नेपाली सेना लगातार गश्त कर रही है। गुरुवार को सप्तरी में हुए प्रदर्शन के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version