रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। हमारे प्रयासों का प्रतिफल आज दिख रहा है। झारखंड के गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का मेरा सपना पूरा होना शुरू हो गया है। झारखंड को हम टेक्सटाइल हब बनायेंगे। इसकी शुरुआत आज हो गयी है। मुख्यमंत्री ने उक्त बातें शनिवार को ओरमांझी के निकट इरबा में ओरिएंट क्राफ्ट लिमिटेड के पहले कारखाने के उद्घाटन के मौके पर कहीं। उक्त बातें कहते-कहते मुख्यमंत्री भावुक हो गये। उन्होंने कहा कि आज इस इंडस्ट्री में झारखंडी बच्चों को देख कर हमें खुशी हो रही है। अगर यह मिल यहां शुरू नहीं हुई होती, तो झारखंड के नौ सौ बच्चे किसी दूसरे शहर में नौकरी के लिए जाते और वहां उनका शारीरिक शोषण होता।
प्रधानमंत्री के 7 एफ सूत्र पर कर रहे काम
सीएम ने कहा कि झारखंड को विकास के हाइ-वे पर लाने की तमाम कोशिशों के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी एवं उनके वस्त्र मंत्रालय का भरपूर सहयोग हमें मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने 7 एफ का सूत्र हमें दिया। इस पर हम काम कर रहे हैं। इसमें फार्म से फाइबर, फाइबर से फैब्रिक, फैब्रिक से फैशन (वस्त्र उद्योग) और फैशन से फॉरेन (निर्यात) के सूत्र को पूरा करते हुए अब झारखंड के वस्त्र निर्यात किये जायेंगे। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह हमारे सरकार की कार्यशैली को भी दर्शाता है। हम जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा करने में विश्वास रखते हैं।
दो से तीन लाख लोगों को रोजगार से जोड़ने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का 82 प्रतिशत तसर झारखंड में होता है। हम यहां तसर के उत्पाद तैयार कर देश दुनिया में बेचेंगे। इससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। राज्य में समृद्धि भी आयेगी। हमारे पास मेहनतकश मानव बल है। उनका कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओरिएंट क्राफ्ट की एक छोटी यूनिट से ही 900 लोगों को रोजगार मिल रहा है। आने वाले समय में राज्य में दो से तीन लाख लोगों को रोजगार से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता का उदाहरण है यह प्लांट: स्मृति
प्लांट का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय कपड़ा एवं सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति जुबिन इरानी ने झारखंड में हो रहे विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में काम धरातल पर दिख रहा है। जल्द ही झारखंड विकसित राज्यों की श्रेणी में आयेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ने टेक्सटाइल उद्योग को सशक्त बनाने के लिए 6000 करोड़ रुपये का पैकेज दिया है, लेकिन झारखंड ने इसे सबसे पहले अपने यहां धरातल पर उतारा है। ओरिएंट क्राफ्ट की यूनिट की झारखंड में स्थापना मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता एवं गुड गवर्नेंस का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कोई इंटरनेशनल ब्रांड पहली पारी में ही किसी राज्य में अपना विश्वास दिखाये, यह बड़ी बात है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रघुवर दास ने इंडस्ट्री को यह संदेश दिया है कि अगर वे राज्य की ओर एक कदम बढ़ायेंगे, तो राज्य सरकार उनकी तरफ दो कदम चलने को तैयार है। इस अवसर पर उद्योग सचिव सुनील बर्णवाल, झारखंड राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, ओरिएंट क्राफ्ट के संचालक सह सीएमडी सुधीर ढींगरा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।