झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एलबी खियांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की टीम ने छापेमारी की है। सूचना के अनुसार, सीआईडी की टीम पिछले कई घंटों से उनके आवास पर डेरा डाले हुए है और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाल रही है।

उल्लेखनीय है कि 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद उपजे विवाद के चलते राज्य सरकार ने एलबी खियांग्ते को पद छोड़ने का निर्देश दिया था। सरकार के रुख के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राज्यपाल की सहमति मिलने के उपरांत स्वीकार भी कर लिया गया। अपने त्यागपत्र में उन्होंने जेपीएससी कार्यालय में सीआईडी और पुलिस की लगातार हो रही छापेमारी से आहत होने की बात कही थी, जिसके बाद अब उनके निजी आवास पर भी जांच एजेंसी का शिकंजा कस गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version