सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के तोंगपाल से शुक्रवार शाम पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। डीआरजी की दो टीमें तलाशी अभियान पर निकली थीं। टीमों के लौटते समय नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया। जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाब दिया। जवानों की तरफ से दो राउंड फाइरिंग के बाद नक्सली भागने लगे, मगर पांचों को दबोच लिया गया।
सुकमा के एसपी अभिषेक मीणा ने बताया कि तोंगपाल थाना क्षेत्र में पांच नक्सलियों- चेतना नाट्य मंच के कमांडर दशरू धुरवा, दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन का उपाध्यक्ष मड़कामी सोमडू, संगठन के सदस्य वेट्टी सुकड़ा, गंगाराम धुरवा और हड़मा मड़कामी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को लंबे समय से इन सभी नक्सलियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर इनकी गिरफ्तारी की। इन नक्सलियों ने इस माह की सात तारीख को मुंडागढ़ पहाड़ी के जंगल में एक पुलिस दल पर गोलीबारी की थी और धमाका भी किया था, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई थी।