चंडीगढ़:  डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह द्वारा एक ‘साध्वी’ के साथ किए गए कथित दुष्कर्म के मामले में विशेष सीबीआई अदालत के संभावित फैसले से पहले पंजाब और हरियाणा में प्रशासन ने बुधवार को दोनों राज्यों की पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। दोनों राज्यों के सूत्रों ने कहा कि यदि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की अदालत डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ फैसला सुनाती है तो पुलिस को ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है।

दोनों राज्यों के पुलिस महानिदेशक बुधवार को नई दिल्ली में गृह मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और इस बारे में चर्चा करेंगे और फैसला सिंह के खिलाफ जाने की स्थिति में केंद्रीय सुरक्षाबल की मांग करेंगे।

चंडीगढ़ के निकट स्थित पंचकुला अदालत (हरियाणा) कुछ वर्षो से सिंह के मामले की सुनवाई कर रही है।

डेरा प्रमुख की एक पूर्व महिला अनुयायी ने उनपर आरोप लगाया है कि यहां से 260 किलोमीटर दूर हरियाणा के सिरसा शहर के बाहरी इलाके में स्थित विशाल डेरा परिसर के अंदर रहीम ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

सीबीआई ने सिंह के खिलाफ मामले की जांच की है।

डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने सिंह के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों का खंडन किया है।

हत्या, साजिश और दुष्कर्म के आरोपों के बावजूद सिंह को हरियाणा पुलिस की तरफ से जेड-श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है और वह बुलेट प्रूफ एसयूवी वाहनों के काफिले में घूमते हैं।

हरियाणा, पंजाब और अन्य जगहों पर उनके लाखों अनुयायी हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version