तेलियरगंज चुंगी के पास बुधवार रात सुहाग का सामान खरीदकर पति संग स्कूटी से फाफामऊ जा रही महिला को बेकाबू बस ने रौंद दिया। आंखों के सामने पत्नी की मौत से घायल पति की चीख निकल गई। स्थानीय लोगों ने सड़क हादसे के बाद हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी हालत में बैंककर्मी को बेली अस्पताल में भर्ती कराया।
औरंगाबाद बिहार के रहने वाले संजय कुमार बैंक ऑफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर हैं। वर्तमान में वह रायबरेली में तैनात हैं। संजय कुमार शांतिपुरम कॉलोनी, फाफामऊ में किराये पर रहते हैं। बुधवार को वह अपनी पत्नी आशा सिंह के साथ स्कूटी से कटरा खरीदारी करने आए थे। रात में करीब आठ बजे दोनों फाफामऊ लौट रहे थे। फाफामऊ पुल पर पहुंचने से पहले ही चुंगी के पास पीछे से तेज तफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस ने जोरदार टक्कर मार दी। आशा सिंह स्कूटी से गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बस चालक महिला को रौंदता हुआ भाग निकला।
संजय जख्मी हालत में दूसरी ओर पड़े थे। स्थानीय लोगों ने महिला को खून से लथपथ देखकर हंगामा शुरू कर दिया। गाड़ी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन चालक बस लेकर भाग निकला। तेलियरगंज में लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
तोड़फोड़ करने की कोशिश की। बवाल की सूचना पर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर बेली अस्पताल पहुंची। डॉक्टर ने आशा सिंह को मृत घोषित कर दिया। इलाज के बाद संजय की हालत में थोड़ी सुधार हुई।
पत्नी की मौत की खबर से उनके होश उड़ गए।
संजय का 14 साल का बेटा और एक आठ साल की बेटी है। बाक्स पति के लिए व्रत की थी तैयारी आशा सिंह अपने पति की लम्बी उम्र के लिए तीज व्रत रखने वाली थी। व्रत का सामान लेने ही वह कटरा बाजार करने आई थी। संजय उसको याद करके बार-बार रो रहे थे।
पुलिस ने संजय के मकान मालिक को इस हादसे की सूचना दी। सीओ कर्नलगंज आलोक मिश्र ने बताया कि बिहार में उनके रिश्तेदारों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।