रांची। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश को बुधवार को रांची लाया जायेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा साढ़े तीन बजे अस्थि कलश को लेकर रांची पहुंचेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने बताया कि रांची एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड सरकार के सभी मंत्री और भाजपा के पदाधिकारी अस्थि कलश को लेकर हरमू रोड स्थित कार्निवाल हॉल जायेंगे। संध्या साढ़े पांच बजे अटलजी की स्मृति में कार्निवाल हॉल में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा ने सभी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है। प्रार्थना सभा के बाद अस्थि कलश को प्रदेश भाजपा कार्यालय ले जाया जायेगा।
कल स्वर्णरेखा नदी में प्रवाहित की जायेगी अस्थि : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि को राज्य की प्रमुख पांच नदियों में प्रवाहित किया जायेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में नामकुम में स्वर्णरेखा नदी में उनकी अस्थि को प्रवाहित किया जायेगा। इसके बाद 24 अगस्त को रामगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में दामोदर नदी में, पलामू के कोयल नदी, साहेबगंज में गंगा और कोल्हान में स्वर्णरेखा नदी में अस्थि कलश को प्रवाहित किया जायेगा। इस दौरान भाजपा के सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।