जयपुर: बॉक्‍स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी अक्षय कुमार की फिल्‍म ‘गोल्‍ड’ सऊदी अरब में रिलीज होने वाली बॉलिवुड की पहली फिल्‍म भी बनने जा रही है। रीमा कागती के निर्देशन में बनी ‘गोल्‍ड’ से पहले रजनीकांत की सोशल ड्रामा पर आधारित हिट मूवी ‘काला’ को भी इस खाड़ी देश में रिलीज किया गया था। अक्षय ने ट्विटर पर यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ साझा की है। उन्‍होंने लिखा है, ‘मुझे आप लोगों को बताने में खुशी हो रही है कि ‘गोल्‍ड’ बॉलिवुड में अब तक की पहली ऐसी फिल्‍म है जिसे सऊदी अरब में रिलीज किया जाएगा।’

यह फिल्म 1948 के लंदन ओलिंपिक की कहानी बताती है, जब भारत ने अपना वर्चस्व कायम किया था। यह घटना इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि भारतीय हॉकी टीम यहां आजादी के सिर्फ एक साल बाद ही खेल रही थी। ‘गोल्ड’ जोश से भरे भारतीय हॉकी टीम के सफर को दिखाती है जिसने ब्रिटेन के 200 सालों की गुलामी के आगे अपना झंडा बुलंद किया। फिल्म की कहानी 1936 से शुरू होती है जब भारतीय हॉकी टीम ने बर्लिन ओलिम्पिक्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड जीता था। तब यह टीम ब्रिटिश इंडिया टीम कहलाती थी और इसे ब्रिटिश राज चलाता था। यह फिल्म विभाजन की दर्दनाक घटना को भी दर्शाती है जिसने बड़ी क्रूरता के साथ देश को दो भागों में बांट दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version