रांची. राजधानी रांची में सफाई व्यवस्था की बदतर स्थिति के कारण पूरा शहर चिकनगुनिया और डेंगू की चपेट में आ गया। रविवार सुबह से स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम मोहल्ला में घर-घर जांच कर रही है। ताकि डेंगू और चिकनगुनिया के मच्छरों के पनपने पर लगाम लगाई जा सके। जांच के दौरान वार्ड नंबर-16 स्थित बसर टोली में दर्जनों मकानों में डेंगू और चिकनगुनिया के मच्छर का लार्वा पाया गया।
पूरे घर में मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव कराया : निगम की टीम ने ऐसे घरों को चिन्हित कर पूरे घर में मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव कराया, जहां डेंगू और चिकनगुनिया के मच्छर पनप रहे थे। पूरे इलाके में फॉगिंग की जा रही है। लोगों को सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी गई है। इधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम 17 स्थानों पर कैंप लगाकर लोगों का ब्लड सैंपल ले रही हैं।
22 घरों और 30 कंटेनर में डेंगू के मिले मच्छर, टीम ने कहा- 20 वार्ड डेंजर जोन में : रांची के अधिकतर इलाके में चिकनगुनिया और डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से शहर के 106 घरों का सर्वे किया गया। इसमें 22 घरों में डेंगू के मच्छर मिले। टीम की ओर से 235 कंटेनर की भी जांच की गई, इसमें 30 में चिकनगुनिया और डेंगू का मच्छर मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को निगम सभाकक्ष में हुई बैठक में यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि शहर के 20 वार्ड डेंजर जोन में है। बैठक में नगर निगम के 60 सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर, सिटी मैनेजरों को डेंगू और चिकनगुनिया के मच्छर, लार्वा की जानकारी दी गई। चिकनगुनिया और डेंगू से पीड़ित मरीजों में दिखने वाले लक्षण की भी जानकारी दी गई।
अब को जागरूक करेगी टीम, स्कूलों में भी चलेगा अभियान : चिकनगुनिया और डेंगू से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, निगम और लायंस क्लब की टीम द्वारा पंपलेट का भी वितरण किया जाएगा। घर-घर जाकर लोगों को कारण और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।