गिरिडीह. धनवार थाना क्षेत्र के नीमाडीह गांव में रविवार की सुबह कुएं से एक महिला और उसके तीन बच्चों का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद से महिला के ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगा भाग गए हैं। सभी शवों पर चोट के निशान है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनाें ही बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतिका के पिता ने थाने में अपने दामाद और उनके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाया है।
15 दिनों से चल रहा था पारिवारिक विवाद : मृतकों की पहचान जुबैदा खातून (30) और उसके तीन बेटे (4, 6 और 8 वर्ष) के रूप में की गई। महिला का पति मनोउवर अंसारी अपने माता-पिता और बहन के साथ घर से भाग गया है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले 15 दिनों से इनके घर में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद रविवार सुबह कुएं से महिला और उसके तीन बच्चों का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। यह हत्या है या फिर आत्महत्या फिलहाल स्पष्ट नहीं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।