रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को झारखंड दौरे पर आएंगे। वे रांची के पुराने जेल परिसर में बनाए जा रहे भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना का झारखंड में शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रधानमंत्री को रांची आने का निमंत्रण दिया है। राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने अबुआ दिशुम, अबुआ राज का नारा देने वाले धरती आबा बिरसा मुंडा को नेशनल हीरो बनाने का संकल्प जताया है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को दलितों के मसीहा के रूप में पूरे देश में ख्याति दिलाई गई, उसी तरह बिरसा मुंडा को आदिवासियों के हीरो के रूप में देशभर में स्थापित किया जाएगा।
रांची में भगवान बिरसा की लगेगी आदमकद प्रतिमा : रांची में उनकी आदमकद प्रतिमा लगाई जाएगी। बिरसा मुंडा को अंग्रेजी हुकूमत ने जेल के जिस कमरे में कैद करके रखा था, उसे पुराने जमाने के हिसाब से विकसित किया जाएगा। जेल परिसर में ही स्मृति पार्क बनेगा, जहां लाइट एंड साउंड शो से बिरसा मुंडा की जीवनी और संघर्ष गाथा दिखाई जाएगी। पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए कई तरह के झूले आदि लगाए जाएंगे। एक रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट भी बनेगा। इन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।