मुंबई. 36 साल की प्रियंका चोपड़ा और 25 साल के अमेरिकन सिंगर निक जोनस की इंगेजमेंट पार्टी 18 अगस्त को मुंबई में होने वाली है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। पार्टी से पहले प्रियंका और निक का रोका हो रहा है। रोके की रस्म शुरू हो गई है और सेरेमनी से पहली तस्वीर भी सामने आ गई है। परिणीति चोपड़ा सबसे पहले कजिन प्रियंका के रोका सेरेमनी में शामिल होने के लिए घर पहुंच गई हैं। जोनस की मां डेनिस और डैडी केविन पार्टी के लिए गुरुवार को ही मुंबई पहुंच चुके हैं। पार्टी के लिए प्रियंका के दोस्तों और करीबियों के लिए भी आमंत्रण भेजे जा चुके हैं।
सगाई पार्टी में नहीं पहुंचेंगे कई सेलेब्स : प्रियंका की गेस्ट लिस्ट में सलमान खान, रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा के नाम शामिल हैं लेकिन ये तीनों पार्टी में नहीं आ पाएंगे। सलमान फिल्म ‘भारत’ के सिलसिले में माल्टा में हैं। रणबीर कपूर बुल्गारिया में ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग कर रहे हैं। वहीं, अनुष्का लंदन में हैं। कंगना रनोट, आलिया भट्ट, रणवीर सिंह फरहान अख्तर, सिद्धार्थ रॉय कपूर, रोनी स्क्रूवाला, अभिषेक और ऐश्वर्या राय बच्चन पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
1.40 करोड़ रुपए की है प्रियंका चोपड़ा की इंगेजमेंट रिंग : हाल ही में प्रियंका चोपड़ा फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की पार्टी में शरीक हुईं। इस दौरान उनकी उंगली में नजर आई अंगूठी चर्चा का विषय रही। कहा जा रहा है कि यह प्रियंका की सगाई की अंगूठी है, जो ब्वॉयफ्रेंड निक जोनास ने उन्हें पहनाई है। इस अंगूठी की कीमत $200,000 (करीब 1.40 करोड़ रुपए) है।