मजदूरों को 15 दिनों में बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम
सरायकेला। आरआइटी थाना अंतर्गत मीरूडीह स्थित बिहारी बस्ती पर रविवार को लाठी-डंडे व खतरनाक औजारों से लैस करीब 300 की संख्या में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने बस्ती की महिलाओं के साथ मारपीट के बाद आठ मकानों को तोड़ दिया। इन लोगों ने स्थानीय निवासियों को 15 दिन में बस्ती छोड़ देने की धमकी भी दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले सभी लोग वहां से चले गए थे।
इस बस्ती में मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। वहीं घटना के विरोध में देर रात करीब 200 की संख्या में बस्तीवासी थाना पहुंचे। ये लोग सुरक्षा की गुहार लगाते हुए घंटों थाने में डटे रहे। आरआइटी थाना प्रभारी आरएन सिंह ने बताया कि मीरूडीह बस्ती पर आसपास के कुछ गांवों के लोगों ने हमला किया। हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है।