रांची। रांची की बेटी नैंसी सहाय को देवघर का डीसी बनाया गया है। नैंसी सहाय अभी साहेबगंज की उपविकास आयुक्त का कार्यभार संभाल रही थीं। नैंसी को देवघर का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त के अलावा झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार संथाल परगना प्रक्षेत्र देवघर का भी क्षेत्रीय निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गयी है। इसके अलावा अवार्डी मुकेश कुमार को बोकारो की कमान दी गयी है। दूसरी ओर लोकेश मिश्र अब रांची का विधि व्यवस्था संभालेंगे। साथ गरिमा सिंह को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में अवर सचिव की जिम्मेवारी दी गयी है। बताते चलें कि लोकेश मिश्र पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत थे।
देवघर के उपविकास आयुक्त सुशांत गौरव को अगले आदेश तक के लिए उच्च शिक्षा विभाग में निदेशक के पद पर पदस्थापित किया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संयुक्त सचिव आदित्य कुमार आनंद को प्राथमिक शिक्षा विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आदित्य कुमार आनंद के पास पहले से ही मध्याह्न भोजन प्राधिकार के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार है। देवघर के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक के लिए गिरिडीह जिले का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त बनाया गया है। उद्योग विभाग में निदेशक मुकेश कुमार को बोकारो जिले का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा इन्हें अपने कार्यों के साथ जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र का क्षेत्रीय निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पर्यटन, कला-संस्कृति के विशेष सचिव अनिल कुमार राय को गिरिडीह नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। गिरिडीह के उपायुक्त राजेश कुमार पाठक को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पाठक को बागवानी के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
कौन कहां गया
प्रतीक्षारत लोकेश मिश्र एसडीएम रांची बनाये गये हैं।
उत्तरी छोटानागपुर के कमिश्नर विमल संथाल के आयुक्त बने।
बोकारो के डीसी कृपानंद झा अब उद्योग निदेशक बनाये गये।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार रांची के कमिश्नर बने।
नगर विकास एवं आवास के विशेष सचिव अरविंद कुमार उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त होंगे।
’जामताड़ा डीसी जटाशंकर चौधरी को माध्यमिक शिक्षा की जिम्मेवारी मिली।
गिरिडीह के नगर आयुक्त गणेश कुमार डीसी जामताड़ा होंगे।
गिरिडीह डीसी राजेश कुमार पाठक कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के विशेष सचिव होंगे।
विशेष सचिव पर्यटन अनिल कुमार राय गिरिडीह के नगर आयुक्त होंगे।
’उद्योग निदेशक मुकेश कुमार को बोकारो डीसी बनाया गया।
देवघर डीसी राहुल कुमार सिन्हा गिरिडीह के डीसी होंगे।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संयुक्त सचिव कुमार आनंद को प्राथमिक शिक्षा निदेशक का प्रभार दिया गया।
साहेबगंज डीडीसी नैंसी सहाय डीसी देवघर होंगी।
देवघर डीडीसी सुशांत गौरव उच्च शिक्षा निदेशक होंगे।
रांची एसडीएम गरिमा सिंह को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का अवर सचिव बनाया गया।