रांची। पुलिस ने बुधवार को चार शूटरों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। ये शूटर भाजपा के बड़े नेता रमेश सिंह और दो बड़े व्यवसायी योगेंद्र तिवारी और अविनाश झा की हत्या करने पहुंचे थे। इन चारों अपराधियों से रांची पुलिस कांके थाने में पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि इनमें एक अपराधी कांके थाना क्षेत्र का इमरान, दूसरा बबलू खान उर्फ एनामुल हक, तीसरा अरगोड़ा से अपराधी सुजीत सिन्हा का भांजा सूरज सिन्हा और चौथा मुख्य शूटर हरि तिवारी हरि तिवारी है। इसके लिए रेकी भी हो चुकी थी। पुलिस ने पहले हरि तिवारी को पकड़ा। इसके बाद रांची में छापेमारी की गयी, जहां तीन अपराधियों को दबोचा गया। डीजीपी केएन चौबे और सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता की मॉनिटरिंग में पलामू और रांची पुलिस ने अपराधियों को धर दबोचा। एसएसपी अनीश गुप्ता, डीआइजी एबी होमकर और सीआइडी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शूटर हरि तिवारी के पास से हथियार बरामद होने की भी सूचना है। इसके खिलाफ पलामू में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि ये अपराधी रांची में बड़े लोगों की हत्या कर दहशत फैलाना चाहते थे। इसके बाद बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलने की योजना थी। सूचना है कि अपराधी सुजीत सिन्हा के कहने पर ही शूटर पिछले कई दिनों से भाजपा नेता और व्यवसायी की रेकी भी कर रहे थे।
भाजपा नेता रमेश सिंह महानगर भाजपा के कोषाध्यक्ष हैं। उनकी छवि अच्छी है। इनकी हत्या कर अपराधी राजनीतिक जगत में दहशत फैलाना चाहते थे। पुलिस को सही समय में पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल गयी और अपराधियों को पकड़ लिया गया।
शूटर हरि तिवारी ने पुलिस को पूरी जानकारी दी है। वह जो कुछ बता रहा है, उसके आधार पर रामगढ़ में भी छापामारी की जा रही है। पुलिस को सूचना है कि इस गिरोह के आठ सदस्य रामगढ़ के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं। उनकी धर-पकड़ के लिए 20 से अधिक ठिकानों पर छापामारी की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी पूछताछ के बाद ही जानकारी दी जायेगी। सुजीत सिन्हा अपराध जगत का बड़ा नाम है। रंगदारी, फिरौती और अन्य मामले में वह जेल में बंद है। डीजीपी केएन चौबे ने बताया कि झारखंड पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है। पुलिस जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को भी धर दबोचेगी। पेज चार भी देखें
भाजपा नेता की हत्या करने रांची पहुंच गये थे चार शूटर, पुलिस ने धर दबोचा
Previous Article43 लाख परिवारों को उज्ज्वला के तहत गैस कनेक्शन: मुख्यमंत्री
Next Article काला जादू के नाम पर ली महिला की जान