रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सोमवार को 45वां जन्मदिन था। कोरोना काल में कोई उनसे मिल नहीं सका। ऐसे में सोशल मीडिया के माध्यम से लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई देते रहे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम से ट्विटर पर देश में नंबर एक पर ट्रेंड भी कर रहा है। उन्हें बधाई देनेवालों का तांता लगा रहा। देशभर से लोगों ने सीएम को ट्वीट कर बधाई दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा है कि झारखंड के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें एक स्वस्थ जीवन प्रदान करे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ट्विटर पर बधाई संदेश देते हुए लिखा है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बधाई दी है।