आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाहते हैं कि राज्य सरकार के सभी विभागों का मुख्यालय एक ही कैंपस में हो, ताकि बाहर से आनेवाले लोगों को लगे कि वे राजधानी में हैं। शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन के पास स्थित नेहरू पार्क और पुलिस मुख्यालय का निरीक्षण करने के बाद सीएम ने इस मुद्दे पर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को इस बाबत योजना बनाने का निर्देश दिया। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी राज्य सरकार के विभागों का मुख्यालय कई इमारतों में चल रहा है। इससे कार्य निष्पादन में दिक्कत हो रही है और संसाधनों का अपव्यय भी हो रहा है।
एक ही बिल्डिंग में हों पुलिस के सभी विभाग
सीएम ने पुलिस मुख्यालय के निरीक्षण के दौरान कहा कि पुलिस से जुड़े सभी विभागों का कार्यालय एक ही बिल्डिंग में होने चाहिए।
नेहरू पार्क के सौंदर्यीकरण का निर्देश : सीएम ने नेहरू पार्क के सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया। उन्होंने पार्क की जर्जर हालत पर क्षोभ व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि इस पार्क की पहचान एचइसी प्लांट के निर्माण से जुड़ी है। इसलिए इसकी देखभाल की जाये।
होर्डिंग हटाने का निर्देश : मुख्यमंत्री ने गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट के पुख्ता इंतजाम किये जायें। सीसीटीवी से पूरे परिसर की निगरानी की जाये। उन्होंने जहां-तहां लगे होर्डिंग को भी हटाने को कहा। मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, स्पेशल ब्रांच के एडीजी मुरारीलाल मीणा, आइजी नवीन कुमार, आइजी प्रिया दुबे, आइजी साकेत कुमार सिंह, डीआइजी विजयलक्ष्मी, पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक शम्स तबरेज और मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद मौजूद थे।
देवघर में भादो पूजा के लिए समिति गठित
मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप देवघर में भादो पूजा की अनुमति देने का फैसला करने के लिए एक समिति गठित की गयी है। इसके निर्णय के अनुरूप कार्यक्रम पर फैसला लिया जायेगा।
विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश
सीएम ने कहा कि नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। हालांकि इस बार नौ अगस्त को रविवार है। इसलिए उस दिन स्वाभाविक अवकाश रहेगा। अब हर साल विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश होगा।
कोरोना संक्रमण पर सरकार की पैनी नजर
सीएम ने कहा कि संक्रमण बढ़ना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। हमने टेस्टिंग की गति बढ़ा रखी है। लोग तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। सरकार की इस पर पैनी नजर है। जरूरत पड़ने पर सरकार हर निर्णय लेने के लिए तैयार है। निशिकांत दुबे प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है। इसलिए इस पर बोलना ठीक नहीं लगता है।