- हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री के संक्रमित होने के बाद दिया निर्देश
- मुख्यमंत्री दूसरी बार गये होम क्वारेंटाइन में, बन्ना से मिले थे
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कोरोना संक्रमित होने के बाद राज्य की पूरी कैबिनेट क्वारेंटाइन हो गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बुधवार को इस आशय का निर्देश दिया गया। खुद सीएम भी होम क्वारेंटाइन में चले गये हैं, क्योंकि मंगलवार को वह स्वास्थ्य मंत्री के संपर्क में आये थे। बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए थे और उसके कुछ घंटे बाद उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। कैबिनेट की बैठक में पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर को छोड़ सभी मंत्री शामिल हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री के संक्रमित होने के बाद सीएम ने सभी मंत्रियों को होम क्वारेंटाइन में जाने को कहा। उन्होंने खुद के भी होम क्वारेंटाइन में जाने की जानकारी दी। सभी मंत्रियों की कोरोना जांच चार-पांच दिन बाद होगी।
सीएम के सभी कार्यक्रम स्थगित
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीएम के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये गये हैं। मुख्यमंत्री को बुधवार को आजीविका संवर्द्धन हुनर अभियान के शुभारंभ और पलाश ब्रांड के अनावरण एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होना था। इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार चार-पांच दिन बाद सीएम अपनी कोविड-19 की जांच करायेंगे।
दूसरी बार होम क्वारेंटाइन में गये सीएम
इससे पहले भी दो बार सीएम ने कोविड-19 की जांच करायी है, जिसमें वह कोरोना निगेटिव पाये गये हैं। इससे पहले भी एक माह पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद को होम क्वारेंटाइन किया था। इसके साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, प्रेस सलाहकार समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी अधिकारियों ने भी खुद को होम क्वारेंटाइन कर लिया था। उस वक्त सीएम पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और विधायक मथुरा प्रसाद महतो के संपर्क में आये थे, जिनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
सभी मंत्री होम क्वारेंटाइन में
मुख्यमंत्री का निर्देश मिलने के बाद राज्य के सभी मंत्री होम क्वारेंटाइन में चले गये हैं। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा है कि कैबिनेट की बैठक में वह स्वास्थ्य मंत्री से काफी दूर बैठे थे। इसके बावजूद वह पूरी सतर्कता बरत रहे हैं और अगले तीन-चार दिनों तक चुनिंदा लोगों से ही मिलेंगे।
बादल पर सबसे अधिक खतरा
कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री के सबसे करीब कृषि मंत्री बादल बैठे थे। इसलिए उन पर सबसे अधिक खतरा है। बादल पूरी तरह होम क्वारेंटाइन में चले गये हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता रिम्स में भर्ती
इस बीच कोरोना संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को रिम्स के कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।