झारखंड के 14 जिलों में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना का एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। इस दौरान पूरे प्रदेश में कोरोना से 28 लोग स्वस्थ हुए है, जबकि इसके विपरीत 32 नए केस मिले हैं। राज्य में कोरोना से बोकारो जिले में एक मरीज की मौत हो गई है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रांची से सात, धनबाद से छह, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) से पांच और कोडरमा से चार नए मरीज मिले हैं। देवघर, हजारीबाग, खूंटी और लातेहार से दो- दो नए मरीजों की पहचान हुई है। इसी तरह जामताड़ा और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) से एक-एक मरीज मिलने की जानकारी है।
इन नए मरीजों के साथ राज्य में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या तीन लाख, 47 हजार,336 हो गयी है। इनमें से तीन लाख, 41 हजार, 980 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक राज्य में पांच हजार, 130 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। प्रदेश में अब तक एक करोड़, 19 लाख, 80 हजार, 967 सैंपल की जांच की गई है। फिलहाल राज्य में 226 सक्रिय मरीज हैं। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटों में राजधानी रांची में कोरोना के सात नए मरीज मिले हैं। जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 57 है। पांच मरीज अस्पतालो से डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी में अबतक कुल 85 हजार, 398 पॉजिटिव केस आए , जिनमें 83 हजार 753 मरीज स्वस्थ हो चुके है।