झारखंड के 16 जिलों में कोरोना का एक भी नया मरीज नहीं मिला है। गुरुवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना से 41 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके विपरीत राज्य में सिर्फ 30 नए केस मिले हैं, जबकि कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रामगढ़ से आठ, रांची से सात, धनबाद से छह और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) से तीन नए मरीज मिले हैं। गुमला और साहेबगंज में दो- दो मरीजों की पहचान हुई है। उधर, कोडरमा और पाकुड़ से एक-एक नए मरीज की शिनाख्त हुई।
इन नए मरीजों के साथ राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या तीन लाख,47 हजार,276 हो गयी। इनमें तीन लाख, 41 हजार, 924 मरीज ठीक हो चुके हैं। पांच हजार, 129 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। कुल एक करोड़, 18 लाख, 68 हजार, 563 सैंपल की जांच की गई है। फिलहाल राज्य में 223 सक्रिय मरीज हैं। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है।
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सात नए मरीज मिले हैं। जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 52 है। स्वस्थ होने के बाद दो मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी में अबतक कुल 85 हजार, 386 पॉजिटिव केस आए, जिनमें 83 हजार, 746 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।