झारखंड में कोरोना मामलों में कमी का दौर जारी है। गुरुवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में राज्य में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। इस दौरान 26 मरीज स्वस्थ हुए, जबकि कोरोना के सिर्फ 14 नए केस मिले हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रांची से चार, खूंटी से तीन और देवघर से दो नए मरीज मिले हैं। धनबाद ,गढ़वा ,हजारीबाग, लातेहार और रामगढ़ से एक-एक नए मरीज की पहचान हुई है।
इन नए मरीजों के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख, 47 हजार,454 हो गई है। इनमें से तीन लाख, 42 हजार, 128 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में पांच हजार, 130 लोगों की कोरोना के चलते जान चली गई। कोरोना का पता करने के लिए जांच का सिलसिला जारी है। अबतक कुल एक करोड़, 22 लाख,39 हजार,455 सैंपल की जांच की गयी है। झारखंड में इस समय 196 सक्रिय मरीज हैं।
लगातार दूसरे दिन भी सर्वाधिक मरीज राजधानी रांची में मिले हैं। पिछले 24 घंटों में रांची में कोरोना के चार नए मरीज मिले हैं। जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 62 है। दो मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी में अब तक कुल 85 हजार, 435 पॉजिटिव केस आए , जिनमें 83 हजार, 785 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।