2 सितंबर को होगी रांची में पार्टी की बैठक
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड सरकार की ओर से जारी नियोजन नियमावली पर भाजपा में मंथन चल रहा है। पार्टी इसे लेकर आंदोलन की रणनीति बना रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने बताया कि इस मुद्दे पर 2 सितंबर को रांची में बैठक होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में मानसून सत्र में सरकार को घेरने पर भी रणनीति बनेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार ने इस नियोजन नीति के जरिए झारखंड के स्थानीय समाज को बांटने का काम किया है। ऐसा यदि नहीं रहता तो सरकार हिंदी और संस्कृत को स्थानीय भाषा से बाहर रख कर उर्दू को शामिल नहीं करती।
हिंदी को हटा दिया गया है
इस बाबत भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि नियोजन नीति से हिंदी को हटाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पलामू में भोजपुरी, संताल में अंगिका और मैथिली भी बोली जाती है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इन्हें द्वितीय राजभाषा का दर्जा दिया था। इन्हें बाहर करने का कोई औचित्य नहीं बनता।
मानव श्रृंखला के नतीजों से उत्साहित है भाजपा
प्रदेश भाजपा ने शनिवार को मानव श्रृंखला बना कर प्रदेश के 367 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम से मिले नतीजों से प्रदेश भाजपा उत्साहित है। पार्टी ने इससे पहले किसानों के मसले पर भी खेतों में उतर कर प्रदर्शन किया था। यह कार्यक्रम भी सफल रहा था। ऐसे में पार्टी संघर्ष की अपनी ये धार बना कर रखना चाहती है।