जैसलमेर। भाई बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षा बंधन आज देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है।कहा जाता है कि इन रेशम के धागों में भाई बहन का प्रेम झलकता है। रक्षा बंधन पर्व भाई और बहन के प्यार,विश्वास एवं रक्षा की गरिमा को बनाए रखने का पर्व है। ऐसे समय हम देश के उन जांबाज जवानों को कैसे भूल सकते हैं, जो हर पल पूरी मुस्तैदी के साथ कठिन से कठिन और विषम परिस्थिति में हमारे देश की सरहदों की रक्षा कर रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल के ऐसे ही जवानों के बीच आज सीमा जन कल्याण समिति की बहनें राखी बांधने बॉर्डर पर पहुंचीं।
जवानों के बीच मौके पर बहनों की कमी पूरी करने जैसलमेर की महिलाएं एवं बच्चियां सीमा जन कल्याण समिति के माध्यम से सीमा चौकियों पर पहुंचीं और उन्होंने जवानों को रक्षा सूत्र बांधे।इस क्रम में सीमा सुरक्षा बल 191 वाहिनी के हेड क्वार्टर पर जैसलमेर की बहनों ने अपने सैनिक भाइयों को तिलक निकालकर मुंह भी मीठा कराया।
महिलाओं ने कहा कि देश के जवान आज के दिन भी अपनी बहनों से दूर सरहदों पर डटे हैं। इन भाइयों को राखी बांधकर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। कोई जवान अपने भाई से दूर हैं तो कोई जवान अपनी बहन से। इस बीच सीमा जन कल्याण समिति ने रक्षा सूत्र बांधकर जवानों के हौसले को और बुलंद करने का प्रयास किया है। देश के किसी भी रक्षक भाई की कलाई सूनी ना रहे, इसी उद्देश्य के साथ आज सीमा जन कल्याण समिति की 26 टीमों ने 126 सीमा चौकियों पर रक्षा बंधन का त्योहार मनाया।