धोनी की दीवानगी:हरियाणा का 18 साल का लड़का 1436 किलोमीटर पैदल चल कर धोनी से मिलने रांची आया
रांची। पांव में छाले… हाथ में तिरंगा… कंधे पर क्रिकेट किट और दिल में महेंद्र सिंह धोनी से मिलने का जुनून…। इसी जज्बे के साथ हरियाणा के जलान खेड़ा से 18 साल का अजय गिल इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी से मिलने के लिए 16 दिन की यात्रा कर झारखंड के रांची पहुंच गया है। वह कहता है कि वह धोनी का जबरा फैन है। धोनी एक बार उसके सपने में आये और पैदल रांची आकर मिलने को कहे। बस क्या था, वह रांची की यात्रा पर निकल गया। उसने बताया कि वह धोनी से मिलकर ही यहां से वापस जायेगा। जब वह इतनी दूर की यात्रा पैदल कर सकता है तो धोनी उससे मिलने के लिए 10 मिनट का समय नहीं निकाल सकते हैं। वह इसी जिद के साथ धोनी के सिमलिया स्थित फॉर्म हाउस के बाहर खड़ा है, जबकि धोनी रांची में नहीं हैं। वह आइपीएल में अपनी टीम का हिस्सा बनने के लिए चेन्नई गये हुए हैं।
नाई का काम करता है अजय, क्रिकेट खेलना चाहता है
अजय कहता है कि उसने 12वीं पास कर लिया है। फिलहाल अपने शहर में ही नाई का काम करता है। उसने बताया कि वह क्रिकेट खेलता है और इसी में अपना करियर बनाना चाहता है। जब से महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास लिया। वह खेलना बंद कर दिया था, लेकिन अब वह उनका आशीर्वाद लेकर एक बार फिर से अपना करियर दोबारा से शुरू करना चाहता है।
दो साल पहले दुकान बेच कर रांची आ गया था यूपी का एक फैन
इससे पहले जुलाई 2019 में उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के रवींद्र सैनी धोनी से मिलने रांची आ गये थे। रवींद्र सहारनपुर स्थित अपनी छोटी सी दुकान बेचकर धोनी से मिलने रांची चले आये थे। यहां भी दो साल तक धोनी का आशीर्वाद लेने के लिए भटकते रहे, अंतत: कामयाब हुए। मुलाकात होने पर धोनी ने भी उनकी भावना का सम्मान किया और उन्हें अपने घर पर ही गार्ड की नौकरी पर रख लिया। 2013 से 2018 तक सैनी ने यहां सेवा दी। इस दौरान वह यहां धोनी का सान्निध्य पाते रहे। बाद में मां की बीमारी के कारण रवींद्र को सहारनपुर लौटना पड़ा।