रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गयी है। जगरनाथ महतो को माइल्ड वोमेटिंग (उल्टी) होने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेदांता अस्पताल के डॉ कर्नल एमएम पांडेय ने शनिवार को कहा कि शिक्षा मंत्री को पहले आईसीयू में एडमिट किया गया था लेकिन सेहत में सुधार होते ही उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। सेहत ठीक होते ही उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी दे दी जायेगी।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें रांची के रिम्स और फिर भगवान महावीर मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां स्थिति गंभीर होता देख एयरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया था। चेन्नई में एक साल से भी अधिक समय तक उनका इलाज हुआ। जिसके बाद लंग्स प्रत्यारोपण कर उनकी जान बचाई गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी शिक्षा मंत्री को डॉक्टर की निगरानी में चेन्नई में ही रह रहे थे। चेन्नई के चिकित्सकों ने जब शिक्षा मंत्री को स्वस्थ घोषित कर दिये, तो उसके बाद राज्य सरकार ने रिम्स के दो चिकित्सक डॉ पीके भट्टाचार्य और डॉ अजीत डुंगडुंग को चेन्नई भेजकर शिक्षा मंत्री को विशेष विमान से रांची वापस लाया। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को 14 जून को रांची वापस आये थे।