रांची। झारखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर चारों कार्यकारी अध्यक्षों के साथ शनिवार को नई दिल्ली से रांची पहुंचे। रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से लेकर कांग्रेस मुख्यालय तक उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर उनका भव्य स्वागत किया। राजेश ठाकुर के साथ प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर शामिल थे। इस दौरान ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने इन नेताओं की अगुवाई की।
मौके पर कृषि मंत्री ने सबको फूल देकर स्वागत किया। इस दौरान काफी भीड़ जमा हो गई थी। एयरपोर्ट के पास काफी लंबा जाम लग गया था। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि राज्य में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है। हम सभी की यह जिम्मेदारी है कि पार्टी द्वारा जनता को किए गए चुनावी वादे को स्थानीय सरकार पूरा करे तथा केंद्र की भाजपानीत सरकार के गलत निर्णय का भी सड़क पर उतर कर विरोध हो।