-मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर किया गर्मजोशी के साथ स्वागत
गुवाहाटी। ढोल-नगाड़े के साथ केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल का गुवाहाटी हवाई अड्डा पर पहुंचने पर शनिवार को जोरदार स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री पदभार संभालने के बाद पहली बार असम के दौरान सोनोवाल गुवाहाटी पहुंचे हैं। हवाई अड्डा से ही पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल की जन आशीर्वाद यात्रा आरंभ हुई। जन आशीर्वाद यात्रा का समापन 23 अगस्त को शिवसागर में होगा।
गुवाहाटी के बोरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ढोल-नगाड़े के साथ सर्वानंद सोनोवाल का स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री अगवानी के लिए स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता, राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
सोनोवाल केंद्रीय बंदरगाह, जहाज और आयुष मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री का पदभार संभालने के बाद पहली बार असम आए हैं। सोनोवाल के साथ एक और केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली भी जन आशीर्वाद यात्रा में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं।
सर्वानंद सोनोवाल की जन आशीर्वाद यात्रा असम भाजपा नेता कार्यकर्ताओं के साथ बोरझार हवाई अड्डे से शुरू हुई। जो आजरा पहुंची, जहां पर वे कार्यकर्ताओं की एक सभा में हिस्सा लिया। 11.45 बजे डॉ. भूपेन हजारिका के समाधिस्थल पर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। दोपहर को जन आशीर्वाद यात्रा कामाख्या धाम पहुंचेगी। मां कामाख्या का दर्शन करने के बाद वे माछखोवा में वीर लाचित बरफुकन की प्रतिमूर्ति के सामने पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उसके बाद दिन के 2.15 बजे गुवाहाटी जिला भाजपा कार्यालय में सोनोवाल का सम्मान किया जाएगा।
दिन के 3 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को वे संबोधित करेंगे। उसके बाद 4.45 बजे नेहरू स्टेडियम में असम ओलंपिक संस्था की ओर से सोनोवाल को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके बाद वे ब्रह्मपुत्र गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां पर पहले दिन की यात्रा संपन्न होगी।