बिहार में सरकार से बाहर होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर सियासी हमला बोला। उन्होंने नीतीश कुमार को महत्वाकांक्षी बताते हुए राजद के नेताओं को सावधान करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री बने रहने के लिए राजद को भी तोड सकते हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में शाम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार उप राष्ट्रपति बनना चाहते थे। जदयू के कई नेताओं ने भाजपा के मंत्रियों से कहा था कि नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बना दीजिए। मगर ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह को लेकर भी जदयू सफेद झूठ बोल रही है। आरसीपी सिंह को केंद में मंत्री बनाने के लिए नीतीश कुमार ने ही सहमति दी थी।

मोदी ने जदयू के पार्टी तोड़ने के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र में हमारी सहयोगी पार्टी नहीं थी जबकि जदयू सहयोगी पार्टी है। सहयोगी को तोड भी देते तो सरकार कैसे बना लेते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने आज तक किसी को धोखा नहीं दिया है। नीतीश कुमार को हमने पांच बार बिहार का मुख्यमंत्री बनाया और 17 वर्षों के संबंध को दो बार एक झटके में तोड दिया।

सुशील मोदी ने कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नाम पर नहीं बल्कि नरेन्द्र मोदी के नाम पर एनडीए को वोट मिले थे। अगर नीतीश के नाम पर लोगों ने वोट दिया होता तो हमलोग 150 पार कर जाते और जदयू को केवल 43 सीटों पर नहीं जीत हासिल करती।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version