रांची। अंकिता हत्याकांड को लेकर देशभर में आक्रोश है। लोग आरोपितों को दंडित करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि रांची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ मो सहरुद्दीन ने घर में घुस कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रविवार को नाबालिग के घर में कोई नहीं था। नाबालिग घर से नहाने के लिए बाहर निकली तो बरसात होने लगी। नाबालिग पानी से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी हो गयी। इसी बीच आरोपित को पेड़ के पास आते देख कर नाबालिग अपने घर की ओर जाने लगी। आरोपित नाबालिग के पीछे-पीछे घर के अंदर चला गया। उस वक्त नाबालिग के घर में कोई नहीं था। आरोपित ने इसी का फायदा उठाया और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का पड़ोसी है आरोपित, कई दिन से कर रहा था पीछा
नाबालिग आरोपित को पहले से पहचानती है। इस वजह से उसने पुलिस को पूरी बात बतायी। पुलिस आरोपित के घर पहुंची। उसे गिरफ्तार कर थाना ले आयी। पूछताछ के क्रम में पता चला कि आरोपित आये दिन नाबालिग का पीछा करता था। नाबालिग ने इसकी जानकारी घरवालों को दी थी। नाबालिग के घरवालों ने आरोपित को कई बार मना किया था, लेकिन वह नहीं मान रहा था। आरोपित पीड़िता के पड़ोस में ही रहता है। इस मामले में रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ ने ट्वीट किया है कि अभी अंकिता सिंह की चिता ठंडी भी नहीं हुई, दरिंदों को सजा भी नहीं मिली और रांची में नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ आरोपित ने घर में घुस कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। झारखंड में किसी भी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है।