देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सीमांत गांव रेणी की जनजातीय बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाकर उन्हें मातृ शक्ति के सशक्तिकरण का भरोसा दिलाया।
भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने चमोली में रक्षाबंधन के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें प्रदेश की आधी आबादी को उसका पूरा हक दिलाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणा स्वरूप रक्षा बंधन का पावन पर्व को वे मनाने तिब्बत बॉर्डर और चिपको आंदोलन का आगाज करने वाले गांव रेणी की जनजातीय बहनों के बीच पहुंचे हैं।
इस मौके पर उन्होंने पर्यावरण बचाओ की महायोद्धा स्वर्गीय गौरा देवी को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमांत क्षेत्र के गांवों को विकास मार्ग पर देश का पहला गांव बनाने का प्रण दिलाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार की तरफ से वह सभी बहनों को आश्वस्त करते है कि जिस रक्षासूत्र का बंधन मुझे बांधा है, उसे हम पूरे प्राण प्रण से क्षेत्रीय विकास और सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि सीमा से सटे सभी तमाम गांव के निवासी देश के दूसरी पंक्ति के सैनिकों की भूमिका का निर्वहन करते आए हैं। लिहाजा हमारी जिम्मेदारी उनकी हर सुविधा और तकलीफों का ध्यान रखना है। इस दौरान रेणी गांव की जनजातीय महिलाओं ने भट्ट को राखी बांध कर हर्षोल्लास से रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। मातृ शक्ति के लगाए देशभक्ति के गगनचुंबी नारों से पूरी घाटी गुंजायमान होती रही।
इसके उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गोपेश्वर के पीपल कोटि स्थित एकल विद्यालय की महिलाओं के मध्य पहुंचकर रक्षा सूत्र बंधवाया। उन्होंने केंद्र सरकार के रक्षाबंधन के अवसर पर गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अंत्योदय परिवार की बहनों को 3 सिलेंडर फ्री रिफीलिंग की सुविधा पहले से ही दे रही है। हमारी सरकार ने महिला आरक्षण लागू कर प्रदेश की आधी आबादी को उसका पूरा हक दिलाने का काम भी किया है।
उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि मातृ शक्ति उत्तराखंड की आर्थिक और सामाजिक रीढ़ है, लिहाजा उसके सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकारें आगे भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ने वाली हैं।