-एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची, घायल जवान मेडिका में भर्ती
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। पश्चिमी सिंहभूम (चाइबासा) जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल मुन्ना कुमार और सुशांत कुमार घायल हो गये। आनन-फानन में उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया, लेकिन रांची के मेडिका में एक जवान की मौत हो गयी। शहीद जवान सुशांत कुमार को सीने के पास गोली लगी थी। इसके बाद उनको एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। मेडिका में भर्ती कराने के बाद चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। शहीद सीआरपीएफ जवान सुशांत कुमार ओड़िशा के क्योंझर जिले के आनंदपुर के रहनेवाले थे।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान के दौरान पुलिस जवानों की मुठभेड़ भाकपा माओवादी संगठन की सेंट्रल कमेटी और एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के साथ हुई। इसमें दो जवानों को गोली लगी। बैकअप टीम ने घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची भेजा। मुठभेड़ में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की टीम शामिल थीं। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली पीछे हट गये। एसपी आशुतोष कुमार ने बताया कि पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीआरपीएफ कैंप परिसर पहुंच कर नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान कांस्टेबल सुशांत कुमार खूंटिया के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से शहीद की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को दु:ख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी।