रांची। दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार को तकनीकी खराबी आ गयी। विमान में 180 यात्रियों को लेकर शनिवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरने के आधे घंटे बाद पायलट को मालूम हुआ कि कुछ तकनीकी खराबी है। पायलट ने तत्काल वापस लौटने का फैसला किया। आखिरकार विमान दिल्ली पहुंचा और उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करवायी। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से रांची भेजा गया। दूसरी फ्लाइट 12:35 बजे रांची पहुंची।
एक दिन पहले भी इंडिगो की फ्लाइट में गड़बड़ी आयी थी। विमान का एक इंजन बंद हो गया था। उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। उस विमान में 181 लोग सवार थे। इस विमान ने शुक्रवार को पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान ने सुबह 9:08 बजे पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही देर बाद इंजन से तेज आवाज आने लगी। विमान को टेक-ऑफ करने में भी समय लग रहा था। समस्या को देखते हुए पायलट ने विमान की पटना में ही इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला किया।