गढ़वा। जल संसाधन मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गुरुवार को गढ़वा शहर को नये पुलिस स्टेशन की सौगात दी। पलामू रेंज के आईजी राजकुमार लकड़ा, गढ़वा डीसी शेखर जमुआर, एसपी अंजनी कुमार झा की उपस्थिति में जिले के चिनियां, रंका एवं खरौंधी में नवनिर्मित थाना भवनों का लोकार्पण किया गया।
मंत्री ने कहा कि नवनिर्मित थाना भवन पुलिस कि कार्यकुशलता के गुणोत्तर वृद्धि में सहायक होगी तथा इसका सुस्पष्ट प्रभाव क्षेत्र की जनता महसूस करेगी। वर्तमान समय में पुलिस द्वारा काफी बेहतर एवं तत्परता के साथ घटित घटनाओं का अनुसंधान किया जा रहा है। इसके फलस्वरूप पूरे झारखंड राज्य में शांति व्यवस्था बेहतर हुई है। साथ ही अपराधियों का मनोबल टूटा है। जनता का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। झारखंड सरकार सभी प्रकार के प्रशासनिक भवन एवं अन्य आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए गंभीर रूप से प्रयासरत है।
आईजी ने जनता से अपील किया कि पुलिस को सहयोग करें तथा अपने साथ किसी भी तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस 24 घंटे आपके सेवा में तत्पर रहती है। एसपी अंजनी कुमार झा ने चिनियां, रंका एवं खरौंधी थाना के ऐतिहासिक पृष्टभूमि एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में रंका थाना में पक्का भवन का निर्माण कराया गया। आधुनिकीकरण को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने वर्तमान में पुनः अत्याधुनिक थाना भवन का निर्माण कराया। खरौधी थाना का सृजन वर्ष 2009 में भवनाथपुर थाना से विभाजित कर किया गया जो कि चंदनी पंचायत के पंचायत भवन में संचालित था।
वर्तमान में मझिगाव पंचायत के अमरोरा गांव में नया थाना भवन का निर्माण किया गया है। चिनियां थाना वर्ष 1993 में पुलिस पिकेट के रूप में अस्तित्व में आया जो कि वर्ष 2002 में ओपी के रूप में परिणत किया गया। वर्ष 2009 से थाना के रूप में अधिसूचित हुआ। वर्ष 1993 से यह थाना सिचाई विभाग के भवन में कार्यरत है।