रायपुर/जशपुर। कई नक्सली घटनाओं में शामिल तथा 2020 में तीन सीआरपीएफ जवानों पर गोलीबारी करने वाला आठ लाख रुपये का इनामी नक्सली को पुलिस ने जशपुर जिले के भागलपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया।
जशपुर जिला पुलिस के अधिकारियों ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि सरजून यादव उर्फ पूतना नामक नक्सली को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। जिसे आज जशपुर की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आठ लाख रुपये के इनामी नक्सली पूतना 2018 और 2020 के बीच नक्सलियों की मिलिट्री कंपनी का सदस्य था। वह 2020 में बलरामपुर जिले के सामरीपाठ पुलिस थाना क्षेत्र के जलजली गांव के जंगल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवानों पर गोलीबारी में भी शामिल था। इस घटना में एक सुरक्षा कर्मी घायल हुआ था। हालांकि उसने 2021 में नक्सली संगठन छोड़कर भूमिगत हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जशपुर जिले के भागलपुर गांव में एक किराए के मकान में रह रहा था। जहां से उसे पकड़ा गया।