हमसे एक साल का हिसाब मांगने वाले पहले अपने नौ सालो का हिसाब दें: मदन सहनी

पटना। बिहार में महागठबंधन की सरकार के एक साल पूरे होने पर परिवहन मंत्री शीला मंडल ने गुरुवार को कहा कि हमारी सरकार बिहार के विकास और बिहार की जनता के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। विरोधियों की बयानबाजी से हमारी सरकार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। हम सिर्फ जनता की सेवा करना जानते हैं। वह जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहीं थी।

जमुई की घटना पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री शीला मंडल में कहा कि यह मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में है। जांच के बाद जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे उन पर निश्चित ही उचित कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग बेहतर तरीके से कम कर रहा है। यदि कहीं कोई लापरवाही या चूक हुई है तो उस पर सरकार की पैनी नजर है।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि भाजपा आज महागठबंधन की सरकार के एक साल का हिसाब मांग रही है। हम एक साल का हिसाब देने के लिए तैयार हैं लेकिन भाजपा भी अपने 9 वर्षों के शासनकाल का हिसाब दे। प्रधानमंत्री ने दो करोड़ युवाओं को प्रतिवर्ष सरकारी नौकरी देने का वादा किया था लेकिन वह वादा आज भी अधूरा है। उन्होंने 15-15 लाख गरीबों के खाते में भेजने की बात कही थी मगर वह भी जुमला निकल गया।

मदन सहनी ने कहा महागठबंधन की सरकार ने युवाओं को जो भरोसा दिलाया था आज वह पूरा हो रहा है। बिहार पुलिस, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग सहित कई अन्य विभागों में लाखों की संख्या में बहाली की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा जातीय गणना का काम भी अंतिम दौर में है। भाजपा के लोगों ने इसको रोकने का भी बहुत प्रयास किया था लेकिन न्यायालय से उन्हें असफलता हाथ लगी।

उन्होंने कहा नगर निकाय चुनाव के दौरान भी अतिपिछड़ा आरक्षण में अड़ंगा लगाने का पूरा प्रयास किया गया लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा आरक्षण के पक्षधर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पुरी कराने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नगर निकाय चुनाव को संपन्न करवाया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version