गिरिडीह। जिले के प्राचीन दुखिया महादेव मंदिर में दो और तीन नवंबर को श्री बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार लगेगा। भक्तों के बीच सनातन धर्म का प्रचार करने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा पहुंचेंगे। दो नवंबर की शाम को मंदिर प्रांगण स्थित मैदान में भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं, तीन नवंबर की सुबह दिव्य दरबार लगाया जायेगा।

यह जानकारी गिरिडीह मानव सेवा संस्थान फाउंडेशन के संरक्षक विनोद सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि दिव्य दरबार को लेकर बागेश्वर बाबा दो नवंबर को रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिये गिरिडीह एयरपोर्ट रवाना होंगे। दिव्य दरबार में करीब 10 से 15 लाख लोगों के लिए व्यवस्था की जायेगी। दो दिवसीय दिव्य दरबार के बाद बागेश्वर बाबा देवघर में बैद्यनाथ धाम और तपोवन मंदिर का दर्शन करेंगे।

विनोद सिन्हा ने बताया कि दिव्य दरबार का आयोजन सांसद सह भोजपुरी गायक मनोज तिवारी के सहयोग से होगा। उनके आग्रह पर ही बागेश्वर बाबा गिरिडीह पहुंचेंगे। दो दिवसीय दिव्य दरबार के दौरान भजन संध्या में मनोज तिवारी और पार्श्व गायिका प्रिया मल्लिक अपनी प्रस्तुति देंगे। गिरिडीह का दिव्य दरबार दूसरा संयोग होगा, जहां बाबा से रूबरू होने का मौका मिलेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version